लसाड़िया: भरोला के नारसिंह माता मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के गहने पार
अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर 20 तोला चांदी, आधा तोला सोना और नकदी चुराई, ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

कस्बे के भरोला स्थित नारसिंह माता मंदिर में शुक्रवार रात्रि अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान चोरी कर ले गए।
भोपा शम्भुलाल भील ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार प्रातः पुंजा पिता मोती मीणा, निवासी भरोला, लसाड़िया ने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल ग्रामवासियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मंदिर के अंदर जाकर निरीक्षण किया तो वहां सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर मंदिर से करीब 20 तोला चांदी के तीन छत्र, आधा तोला सोने की वेसर, 10 किलो तेल, 1 किलो देसी घी तथा पाट पर रखे लगभग 1000 रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
घटना के बाद क्षेत्र में ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस ने चोरी की इस वारदात की जांच प्रारंभ कर दी है।
यह घटना धार्मिक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बनी हुई है, वहीं पुलिस जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
