मुख्यमंत्री ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत चंदाजी का गुड़ा, तहसील लसाड़िया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व विभाग ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक किसान की वर्षों पुरानी राजस्व रिकॉर्ड संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान कर उसे राहत प्रदान की। रिकॉर्ड में आवश्यक शुद्धिकरण होने के बाद किसान के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो गया।

शिविर के दौरान ग्राम चंदाजी का गुड़ा निवासी धनराज पुत्र किसना ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बताया कि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम के स्थान पर गलतवश कना पुत्र कसना दर्ज होने के कारण उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्रेशन, समतलीकरण-तारबंदी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार रामजीलाल गुर्जर ने तत्काल पटवारी को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम, 1956 की धारा 136 के तहत जांच कर प्रकरण तैयार कराया गया। जांच पूरी होने के बाद मौके पर ही राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक शुद्धिकरण का आदेश जारी किया गया, जिससे लाभार्थी के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का रास्ता साफ हो गया।

ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

समस्या का त्वरित समाधान होने पर लाभार्थी धनराज ने राजस्थान सरकार, जिला प्रशासन सलूम्बर, उपखंड प्रशासन लसाड़िया तथा तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी और जनकल्याणकारी पहल साबित हो रहे हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story