मिशन सलूम्बर में बोर्ड परीक्षा परिणाम पर बड़ा फोकस, हर विद्यार्थी की सफलता का लक्ष्य
मिशन सलूम्बर के तहत जयसमंद ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं के बोर्ड परिणाम को शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रयासों के निर्देश दिए।

सलूम्बर, 22 अगस्त। मिशन सलूम्बर के तहत बोर्ड कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम को शत-प्रतिशत रखने के साथ उसकी गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने पर प्रशासन ने विशेष जोर दिया है। शनिवार को जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद की अध्यक्षता में ब्लॉक जयसमंद के समस्त राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति की नियमित निगरानी और कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रयासों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद ने प्रधानाचार्यों से कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित रूप से नजर रखी जाए। कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए विशेष शिक्षण एवं अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल परीक्षा परिणाम को शत-प्रतिशत करना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों की विषयगत समझ, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता में भी निरंतर सुधार होना जरूरी है।
उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, विषयवार शिक्षण की गुणवत्ता, गृहकार्य एवं अभ्यास कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा समय-समय पर विद्यार्थियों की प्रगति की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानाचार्यों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप परिणामोन्मुखी प्रयास करने के लिए कहा।
जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उनके संचार कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से विद्यालयों में इंग्लिश स्पोकन कार्यक्रम प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा में संवाद करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उनमें झिझक दूर हो और आत्मविश्वास बढ़े।
बैठक में ब्लॉक जयसमंद का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने ब्लॉक की कार्ययोजना और बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालयवार रणनीति, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की निगरानी तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए किए जाने वाले विशेष प्रयासों से अवगत कराया।
जिला कलक्टर ने कहा कि “मिशन सलूम्बर” के तहत प्रत्येक विद्यालय को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम होगी और शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी समन्वित प्रयासों से जिले के शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों ने मिशन सलूम्बर के तहत बोर्ड कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा सलूम्बर डॉ. लोकेश भारती, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ननिहाल सिंह, प्रधानाचार्य अशोक जोशी, सुशील गुप्ता, आरपी रामलाल बुनकर, सौरभ मोड़, भरत किशोर सूत्रधार सहित ब्लॉक जयसमंद के समस्त प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
