सलूंबर, 19 दिसंबर।

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “2 साल: नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सलूंबर जिले में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सलूंबर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में एलईडी वैन के माध्यम से विकास रथों ने पहुंचकर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराया।

इन विकास रथों के माध्यम से सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला एवं किसान कल्याण कार्यक्रमों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़े प्रयासों की जानकारी दृश्य-श्रव्य माध्यम से दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं की वास्तविक जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।

जिला कलक्टर अवधेश मीना के निर्देशानुसार सलूंबर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाणा कला, सगतड़ा, केजड़, पाल सराड़ा और सराड़ा में विकास रथों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। गांवों में विकास रथों के आगमन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और एलईडी स्क्रीन के जरिए सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी को रुचि के साथ देखा-सुना।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसी क्रम में 20 दिसंबर को सलूंबर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलुआ, सैपुर, कातनवाड़ा और चावंड में विकास रथों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित न रहे।

विकास रथों के जरिए चलाया जा रहा यह जनसंपर्क अभियान न केवल सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा रहा है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में जागरूकता बढ़ाकर विकास की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story