सलूम्बर, 11 दिसंबर। प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर चेतना बढ़ाने हेतु गुरुवार से 25 दिसंबर तक पंद्रह दिवसीय राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा अभियान का भव्य शुभारंभ सलूम्बर जिला मुख्यालय में किया गया। अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों और आम जनता को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।

अभियान के पहले दिन जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा कार्यालय सलूम्बर की टीम ने मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, आर्शीवाद गार्डन और आरटीओ कार्यालय के आसपास सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए वाहन चालकों को जागरूक किया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, गलत ओवरटेक न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने के लिए वाहन चालकों को प्रेमपूर्वक पाबंद किया गया।

साथ ही यात्री वाहनों के चालकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाने और जिम्मेदार चालक बनने के प्रति समझाइश दी गई। अभियान के दौरान जिला परिवहन अधिकारी विपिन माहेश्वरी और परिवहन निरीक्षक हितेश कटारा उपस्थित रहे।

जिला परिवहन अधिकारी विपिन माहेश्वरी ने बताया कि यह अभियान 25 दिसंबर तक निरंतर जारी रहेगा। इसके अंतर्गत 13 दिसंबर को मुख्यालय से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय के सामने संपन्न होने वाली ओटो रैली का आयोजन भी किया जाएगा। इस रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संदेश को और व्यापक स्तर पर जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से वाहन चालकों और आम जनता में सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करना और दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में सतत प्रयास करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story