गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों की पढ़ाई में आने वाले अंतराल को दूर करने और उनका लर्निंग लेवल बनाए रखने के उद्देश्य से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा लसाडिया ब्लॉक की चार पंचायतों देवलिया, धौलिया, अगड़ व ओवरा में 24 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह समर कैंप बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान के वित्तीय सहयोग से स्वयंसेवकों की मदद से संचालित किया जाएगा।

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के ब्लॉक लीडर कमल नागर ने बताया कि समर कैंप में बच्चों को खेल-खेल के माध्यम से हिंदी भाषा, खेल गतिविधियों तथा विभिन्न मजेदार प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाएगा। कैंप का उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई को निरंतर बनाए रखने के साथ-साथ उनका शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि छुट्टियों के दौरान लंबे अंतराल के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और लर्निंग गैप उत्पन्न हो जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पूर्व में सर्दी की छुट्टियों के दौरान विंटर कैंप भी संचालित किए गए थे, जिनसे बच्चों को सकारात्मक लाभ मिला था। समर कैंप के जरिए भी यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया लगातार जारी रहे।

इसी क्रम में मंगलवार, 19 मई 2026 को समर कैंप से जुड़े स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देकर समुदाय में डेमो करवाया गया। विभिन्न फील्ड क्लस्टरों में आयोजित ओरिएंटेशन एवं डेमो सत्र में स्वयंसेवकों को कैंप संचालन, गतिविधि आधारित शिक्षण, बच्चों के साथ संवाद तथा रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सभी सीआईएम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण और डेमो सत्र आयोजित किए गए। समर कैंप के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को छुट्टियों के दौरान भी सीखने से जोड़ने की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story