लसाड़िया: बासुदेव कानोरिया संस्थान और प्रथम फाउंडेशन ने बच्चों को किया सम्मानित
राजकीय विद्यालयों में संचालित लर्निंग कैंप में नियमित उपस्थिति और बेहतर सीखने के स्तर के लिए छात्रों को शैक्षिक आर्ट सेट और उपहार प्रदान किए गए।

उदयपुर के लसाड़िया ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में लर्निंग कैंप के दौरान नियमित रहने वाले बच्चों को संस्था प्रतिनिधियों और शिक्षकों द्वारा उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
लसाड़िया क्षेत्र के विद्यालयों में इन दिनों बच्चों की मेहनत रंग ला रही है। बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान के सहयोग से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित लर्निंग कैंप ने पढ़ाई को बच्चों के लिए रोचक और आनंददायक बना दिया है। दिनांक 7 अप्रैल 2026 को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पावटी फला, ढोकला तालाब, मेर फला और वेनात मंगरी सहित अन्य विद्यालयों में लर्निंग कैंप के दौरान नियमित रूप से उपस्थित रहने वाले बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ विद्यालय में बुलाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें उपहार वितरित किए गए।
उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
बच्चों को दिए गए आर्ट सेट (कलर बुक, पेंसिल, क्रेयॉन, वाटर कलर, क्ले आदि) पाकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। यह उपहार बच्चों की नियमितता और मेहनत का सम्मान था। ब्लॉक लीडर कमल नागर ने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए चल रहे इस लर्निंग कैंप में खेल-खेल के माध्यम से पढ़ाई करवाई जाती है, जिससे बच्चे आसानी से सीखते हैं और विद्यालय आने में रुचि लेते हैं। साथ ही समुदाय में माताओं एवं बच्चों के समूह बनाकर भी शैक्षणिक गतिविधियाँ करवाई जा रही हैं।
शैक्षिक सामग्री वितरण और जागरूकता अभियान
संस्था द्वारा पहले भी बच्चों को कॉपी व पेंसिल सेट वितरित किए जा चुके हैं, जिससे बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत मिली है। इसके अलावा SMC मीटिंग, नुक्कड़ नाटक, रात्रिकालीन कार्यक्रम और दीवार लेखन के माध्यम से गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। इस अवसर पर अभिभावकों ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, "संस्था के प्रयासों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ी है। अब बच्चे खुद ही स्कूल जाने के लिए उत्साहित रहते हैं और घर पर भी पढ़ाई करने लगे हैं।"
शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने सराहा प्रयास
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं, लर्निंग कैंप के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर में स्पष्ट सुधार हुआ है और उनकी उपस्थिति भी बढ़ी है; ऐसे प्रयास शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विद्यालय के अध्यापकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए इन गतिविधियों को अत्यंत प्रभावी बताया। इस दौरान प्रथम प्रतिनिधि, विद्यालय के अध्यापक, जनप्रतिनिधि एवं अभिभावक उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
