लसाड़िया के स्काउट गाइड यूनिट लीडर्स का उदयपुर में सात दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
मंडल मुख्यालय उदयपुर द्वारा आयोजित बेसिक कोर्स में लसाड़िया ब्लॉक के 11 शिक्षकों ने लिया भाग, विद्यालय स्तर पर बढ़ाएंगे सेवा और अनुशासन।

राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड मंडल प्रशिक्षण केंद्र उदयनिवास उदयपुर में आयोजित सात दिवसीय बेसिक कोर्स के समापन पर उपस्थित अधिकारी और प्रतिभागी।
लसाड़िया। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ लसाड़िया के तत्वाधान में मंडल मुख्यालय उदयपुर द्वारा आयोजित 7 दिवसीय स्काउट मास्टर बेसिक कोर्स, कब मास्टर बेसिक कोर्स, ग्रुप कैप्टेन तथा फ्लॉक लीडर बेसिक कोर्स में भाग लेकर लौटे यूनिट लीडर्स का आगामी कार्य दिवसों में ब्लॉक मुख्यालय पर शिक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में सम्मान किया जाएगा। स्काउट गाइड मंडल प्रशिक्षण केंद्र उदयनिवास उदयपुर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में लसाड़िया ब्लॉक से शंकर खटीक, नारायण लाल मीणा, चंदन सिंह राठौर, भंवर सिंह सिसोदिया, रविंद्र कुमार मीणा, भेरूलाल मीणा, धर्मेंद्र कुमार चौबीसा, भरत कुमार पाटीदार, श्रीमती शबनम बानो शेख, प्रियंका सोनी एवं दामिनी आमेटा ने भाग लिया। प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रतिभागी अब अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के उन्नयन को बढ़ावा देकर बच्चों में सेवा भावना एवं अनुशासन का विकास करेंगे।
शिविर की दिनचर्या एवं विविध विधाओं का प्रशिक्षण
शिविर में प्रतिभागियों को प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में जागकर प्रभाती गायन, दैनिक क्रियाएं, स्नान-ध्यान, बीपी सिक्स व्यायाम, एरिना प्रवेश, सामूहिक श्रमदान, टोली विधि से नाश्ता, ले-आउट व ड्रिल, पोशाक नियम, मूल्यांकन, ड्यूटी वितरण, लीडर चेंज अभ्यास, कक्षा नियोजन, सीटी संकेत, हाथ के संकेत, फ्लैग होस्टिंग, झंडारोहण, प्रार्थना, झंडा गीत, राष्ट्रगान अभ्यास, अनुशासन सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, गांठों का उपयोग, विश्व बंधुत्व, परोपकार, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अभिनय के माध्यम से जागरूकता, बन भ्रमण, हाइक आयोजन, परिंडे बांधना, जीव-जंतुओं की रक्षा, खोज के चिन्ह, सिग्नलिंग, सामाजिक समरसता, खेल सत्र, स्कार्फ बांधने की कला, ध्वज अवतरण नियम, ध्वज समेटना, विभिन्न ध्वजों का इतिहास, कैंप क्राफ्ट, शिविर कला, कैंप फायर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। प्रतिदिन समीक्षा के माध्यम से प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाया गया।
अतिथियों का उद्बोधन एवं दीक्षा संस्कार
शिविर के समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य ने शिविर का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों को "अपने-अपने विद्यालयों में स्काउट गाइड गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया।" वहीं विशिष्ट अतिथि आर.पी. सिंह स्टेट कमिश्नर स्काउट गाइड की गरिमामय उपस्थिति में अंतिम दिवस पर दीक्षा संस्कार समारोह आयोजित किया गया तथा स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सीओ स्काउट सुरेंद्र कुमार पांडे, सीओ गाइड अभिलाषा शर्मा, प्रशिक्षण आयुक्त लीडर ट्रेनर सुभाष चंद्र, गाइड अंजना शर्मा, एएलटी सुरेश टांक, एलओसी एएलटी राधेश्याम मेनारिया सहित संभाग के आला स्काउट-गाइड प्रतिनिधि एवं दक्ष प्रशिक्षक स्काउटर-गाइडर उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
