पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने बुधवार को लसाड़िया ब्लॉक के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद पंचायत समिति लसाड़िया में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों की बैठक लेकर स्वीप गतिविधियों, कानून-व्यवस्था, संवेदनशील मतदान केंद्रों और चुनाव की अन्य तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

मतदान केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आंजनी एवं महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय लसाड़िया में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कक्षों में पर्याप्त रोशनी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, खिड़कियों की पैकिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए और भवनों तथा कमरों की स्थिति ऐसी रखी जाए, जिससे मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा

निरीक्षण के बाद पंचायत समिति लसाड़िया में आयोजित बैठक में उपखंड अधिकारी श्रीमती नीलम लखारा ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में स्वीप गतिविधियों, कानून-व्यवस्था, शस्त्र जमा करवाने की स्थिति, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों तथा नामांकन प्रक्रिया से संबंधित कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन संबंधी कार्ययोजना तैयार करने और प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टरवार अधिकारियों से सीधे संवाद कर उनके क्षेत्रों में चल रही तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के दौरान छोटी-छोटी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि या सूचना से तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पटवारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों के आसपास निर्माण सामग्री या अन्य ऐसी वस्तुएं अनावश्यक रूप से एकत्रित नहीं होने दी जाएं, जिनसे मतदान के दौरान बाधा उत्पन्न हो सकती है। साथ ही मतदान केंद्रों के भीतर आवश्यक सूचनाओं और संकेतकों का स्पष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।

पोलिंग पार्टियों को समय पर उपलब्ध कराएं जरूरी सुविधाएं

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन में मतदान दलों को मिलने वाली सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्राम विकास अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी आपसी समन्वय से यह सुनिश्चित करें कि मतदान दलों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों। मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान प्रत्येक स्तर पर निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों के आसपास निर्धारित 100 मीटर एवं 200 मीटर की परिधि का स्पष्ट निर्धारण करने और संबंधित निर्वाचन निर्देशों के अनुसार इनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो।

इसके अलावा अतिरिक्त मतदान केंद्रों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, जिससे मतदाताओं को अपने निर्धारित मतदान केंद्र की जानकारी समय पर मिल सके और मतदान के दिन उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

संग्रहण केंद्र से स्ट्रांग रूम तक परिवहन की तैयारी पर जोर

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन सामग्री के संग्रहण के लिए स्थायी एवं व्यवस्थित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संग्रहण केंद्र से सामग्री को पुनः स्ट्रांग रूम तक ले जाने की प्रक्रिया की पूर्व तैयारी पूरी रखने पर जोर दिया। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संग्रहण, परिवहन और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला सहित कानून-व्यवस्था से जुड़े पुलिसकर्मी, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर लसाड़िया में किए गए निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान मतदान केंद्रों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, मतदान दलों की आवश्यकताओं तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story