लसाडिया: प्रथम फाउंडेशन ने माताओं के साथ शैक्षणिक वर्कशॉप का किया आयोजन
लर्निंग कैंप की एंडलाइन के बाद माताओं को बच्चों के लर्निंग लेवल और समर कैंप के महत्व की जानकारी दी गई।

लसाडिया ब्लॉक के ओवरा विद्यालय में आयोजित कार्यशाला के दौरान माताओं को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी देते प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि।
लसाडिया। बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान के वित्तीय सहयोग से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा लसाडिया ब्लॉक के चयनित विद्यालयों में आयोजित लर्निंग कैंप की एंडलाइन पूर्ण होने के बाद कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की माताओं के साथ विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओवरा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय आड़ावेला, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गदई अंजना, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कराकला फला, राजकीय प्राथमिक विद्यालय हुरावतफला सहित अन्य विद्यालयों में आयोजित हुई।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने माताओं को बच्चों के लर्निंग लेवल की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि लर्निंग कैंप के दौरान बच्चों ने किस प्रकार प्रगति की है। साथ ही घर पर बच्चों को सरल, व्यवहारिक एवं रोचक तरीकों से पढ़ाने के उपाय भी साझा किए गए।
संस्था की ओर से माताओं से आग्रह किया गया कि आगामी दिनों में शुरू होने वाले समर कैंप में बच्चों को प्रतिदिन भेजें, ताकि उनकी सीखने की निरंतरता बनी रहे। इस पर माताओं ने भी सहमति जताते हुए बच्चों को नियमित रूप से समर कैंप में भेजने की जिम्मेदारी ली। वर्कशॉप में दैनिक उपयोग की वस्तुओं के माध्यम से शिक्षण की विधियां भी समझाई गईं, जिससे माताओं में आत्मविश्वास बढ़ा। वहीं बच्चों को पूर्व में वितरित कॉपी एवं पेंसिल सेट ने उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि और उत्साह में वृद्धि की।
ब्लॉक लीडर कमल नागर ने बताया कि प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा लगातार विद्यालय एवं समुदाय स्तर पर नवाचारपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एंडलाइन के बाद माताओं को जोड़ना एक प्रभावी रणनीति है, जिससे बच्चों की शिक्षा घर और विद्यालय दोनों स्तरों पर मजबूत होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य माताओं के मन में मौजूद झिझक को दूर करना और उन्हें यह विश्वास दिलाना है कि “हर मां अपने बच्चे की पहली शिक्षक होती है।” गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों के लिए समर कैंप आयोजित किया जाएगा, जिससे उनका शिक्षा से निरंतर जुड़ाव बना रहे।
इस पहल ने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को लेकर सामुदायिक सहभागिता को एक नई दिशा दी है, जिससे बच्चों के सीखने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
