लसाडिया के विद्यालयों में माताओं की विशेष वर्कशॉप, बच्चों की पढ़ाई में घर से सहयोग के बताए प्रभावी तरीके
लसाडिया ब्लॉक के चयनित विद्यालयों में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की मदर्स वर्कशॉप में माताओं को बच्चों की पढ़ाई और लर्निंग लेवल सुधारने के प्रभावी तरीके बताए गए।

तस्वीर में लसाडिया की एक कार्यशाला के दौरान जमीन पर बैठकर कागज पर रंग-बिरंगे चित्र बनाती और गतिविधियों में भाग लेतीं महिलाएं।
लसाडिया ब्लॉक के चयनित विद्यालयों और माँ-बाड़ी केंद्रों में बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान के सहयोग से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा माताओं के लिए विशेष 'मदर्स वर्कशॉप' का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत लसाडिया ब्लॉक की चार पंचायतों अंग्गड, धौलिया, देवलिया और ओवरा के चयनित विद्यालयों एवं माँ-बाड़ी केंद्रों में बड़ी संख्या में माताओं ने भाग लिया।
कार्यशाला में राजकीय प्राथमिक विद्यालय डंगेला, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौलिया, महावाडी डे केयर केंद्र (डामर फला) और ओवरा सहित अन्य चयनित विद्यालयों की माताओं की सहभागिता रही। इस दौरान प्रथम टीम के प्रतिनिधियों ने माताओं को उनके बच्चों के वर्तमान लर्निंग लेवल की जानकारी दी और बताया कि वे घर पर रहकर किस प्रकार बच्चों की पढ़ाई में प्रभावी सहयोग कर सकती हैं।
वर्कशॉप के दौरान माताओं के साथ 'आइडिया कार्ड' पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें कम संसाधनों के साथ घर पर बच्चों को पढ़ाने के सरल, रोचक और व्यावहारिक तरीकों की जानकारी साझा की गई। बैठक में बच्चों के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालय में नियमित उपस्थिति, चिल्ड्रन्स क्लब की सक्रियता तथा विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के ब्लॉक लीडर कमल नागर ने बताया कि लर्निंग कैंप के दौरान समय-समय पर माताओं को विद्यालय में आमंत्रित कर ऐसी वर्कशॉप आयोजित की जाती हैं। उनका उद्देश्य माताओं को शैक्षणिक गतिविधियां करवाने के नए तरीके सिखाना है, ताकि वे घर पर भी बच्चों की पढ़ाई करवा सकें और विद्यालय से उनका जुड़ाव निरंतर बना रहे।
कार्यक्रम के दौरान माताओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए और रंग-बिरंगे चित्र भी बनाए। इन चित्रों को बच्चों के कक्षा-कक्ष में सजाया जाएगा, जिससे बच्चों और माताओं दोनों का उत्साह बढ़ेगा तथा सीखने का माहौल और बेहतर बनेगा। इस अवसर पर प्रथम प्रतिनिधि, स्कूल अध्यापक और एसएमसी सदस्य भी उपस्थित रहे।

Naresh kumar ved
नाम: नरेश कुमार वेद
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड क्षेत्र, लसाड़िया (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय मुद्दे
परिचय
नरेश कुमार वेद लसाड़िया उपखण्ड क्षेत्र के स्थानीय संवाददाता हैं। वह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसमें स्थानीय जनसमस्याएं, प्रशासनिक गतिविधियां, सामाजिक घटनाक्रम और ग्रामीण अंचल के समाचार शामिल हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
नरेश कुमार वेद को मीडिया क्षेत्र में दो दशकों का लंबा अनुभव है। वह साल 2006 से 'राजस्थान पत्रिका' में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और लगातार क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास (माध्यमिक शिक्षा) तक पूरी की है।
