लसाड़िया में स्वास्थ्य जागरूकता और मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम आयोजित
एडिशनल डायरेक्टर और सीएमएचओ की मौजूदगी में ग्रामीणों को मलेरिया रोकथाम के गुर सिखाए गए और घाटा व लालपुरा पंचायतों में 100 मच्छरदानियां बांटी गईं।

लसाड़िया की ग्राम पंचायत घाटा और लालपुरा में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को मच्छरदानी वितरित करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और तहसीलदार।
लसाडिया। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कम्युनिटी एंगेजमेंट एवं एड्रेसिंग गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान डॉ. प्रवीण असवाल (एडिशनल डायरेक्टर, रूरल हेल्थ), डॉ. महेंद्र परमार (सीएमएचओ, सलूंबर) सहित राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया।
मलेरिया रोकथाम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पर विस्तृत चर्चा
कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को कम्युनिटी हेल्थ, बीमारियों के संक्रमण तथा विशेष रूप से मलेरिया के फैलाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वच्छता बनाए रखने और सोर्स रिडक्शन यानी मच्छरों के पनपने के स्थानों को खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, मलेरिया के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर उपचार की उपलब्धता तथा रेफरल सिस्टम की जानकारी भी साझा की गई। इस दौरान हाई-रिस्क ग्रुप्स पर विशेष फोकस रखते हुए उन्हें जागरूक किया गया।
सामाजिक कुरीतियों एवं मिथकों के प्रति सतर्कता
कार्यक्रम में प्रचलित मिथकों, नीम-हकीमों एवं भोपा प्रथा से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी देकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई। चिकित्सा विभाग ने बताया कि इस तरह के प्रयासों से क्षेत्र में मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।
घाटा एवं लालपुरा में मच्छरदानी वितरण और प्रशासनिक संदेश
मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग द्वारा ग्राम पंचायत घाटा एवं लालपुरा में 100 मच्छरदानियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही मच्छरदानी के नियमित उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई। इस अवसर पर लसाड़िया तहसीलदार रामजीलाल गुर्जर ने भी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि "सतर्कता और साफ-सफाई से ही इन बीमारियों से बचाव संभव है।" चिकित्सा विभाग के प्रयासों से अब क्षेत्र में जागरूकता अभियान को और अधिक तेज कर दिया गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
