लसाड़िया जंगल आग में फंसे बच्चे को महिला कांस्टेबलों ने बचाया
सलूम्बर से लसाड़िया जाते समय कालादाता गांव के पास जंगल में लगी आग में फंसे 10 वर्षीय बच्चे को महिला कांस्टेबल जया और रुकमणी ने सुरक्षित बाहर निकाला, बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

सलूम्बर जिले में जंगल की भीषण आग के बीच फंसे 10 वर्षीय बालक को दो महिला कांस्टेबलों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला कांस्टेबलों की इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया और स्थानीय ग्रामीणों ने उनके साहसिक कार्य की सराहना की।
सलूम्बर जिला पुलिस अधीक्षक के आदेशों की पालना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग टीम सलूम्बर की महिला कांस्टेबल जया और रुकमणी महिला आत्मरक्षा मीटिंग में भाग लेने के लिए सलूम्बर से पुलिस थाना लसाड़िया जा रही थीं। इसी दौरान लसाड़िया थाना सर्कल के कालादाता गांव के समीप जंगल में आग लगी हुई दिखाई दी।
आग की स्थिति को देखते ही दोनों महिला कांस्टेबल तुरंत मौके पर पहुंचीं। वहां आग के बीच प्रभुलाल उर्फ राजू (10 वर्ष) निवासी कालादाता फंसा हुआ था। गंभीर स्थिति को देखते हुए महिला कांस्टेबलों ने बिना देर किए साहस दिखाते हुए बालक को आग के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बालक को सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद दोनों महिला कांस्टेबलों ने पुलिस थाना लसाड़िया और अग्निशमन दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना लसाड़िया से हेडकांस्टेबल किशनलाल, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद अग्निशमन दल की सहायता से आग पर काबू पाया गया।
जंगल के पास कई मकान स्थित होने के कारण आग के घरों तक फैलने का खतरा था, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। हालांकि महिला कांस्टेबलों की सूझबूझ, बहादुरी और त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने महिला कांस्टेबलों के साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उनकी बहादुरी की प्रशंसा की।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
