जिला कलेक्टर श्री मुहम्मद जुनेद पी पी ने बुधवार को लसाडिया क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत समिति लसाडिया में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीओ) की बैठक लेकर शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।

पंचायत समिति लसाडिया में सीबीओ के साथ हुई बैठक में जिला कलेक्टर ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता एवं उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और शैक्षणिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने तथा विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद जिला कलेक्टर ने कालीभीत स्थित चिकित्सालय का निरीक्षण कर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दवाइयों, चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई और आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों को मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के साथ चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को भी कहा।

जिला कलेक्टर ने कालीभीत विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने और कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कालीभीत में जिला कलेक्टर श्री मुहम्मद जुनेद पी पी की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आमजन ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं परिवेदनाएं जिला कलेक्टर के समक्ष रखीं। जिला कलेक्टर ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त परिवेदनाओं को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उनके प्रभावी समाधान की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने कालीभीत स्थित बालिका हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर हॉस्टल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के साथ छात्राओं की आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जिला कलेक्टर के क्षेत्रीय निरीक्षण और रात्रि चौपाल के दौरान दिए गए निर्देशों का केंद्र आमजन से जुड़ी सेवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और बालिकाओं की सुविधाओं को बेहतर बनाना रहा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story