लसाड़िया क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली लसाड़िया–धरियावद मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति और क्षेत्र में चांदीपुरा वायरस के बढ़ते खतरों के बीच आमजन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस गंभीर स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश बोड ने राजस्थान के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी से दूरभाष पर विशेष वार्ता की। बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्ग वर्तमान में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जहाँ सड़क से गिट्टी तक उखड़ गई है।

सड़क की दुर्दशा के कारण आम नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से चांदीपुरा वायरस के संदिग्ध मामलों के बीच खराब सड़क मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। इस समस्या के समाधान हेतु पूर्व में कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं और मंत्री महोदय के विशेष निर्देशानुसार एक बार पुनः औपचारिक ज्ञापन प्रेषित किया गया है। मामले की गंभीरता को समझते हुए मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने इसे प्राथमिकता पर लेते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने का ठोस आश्वासन दिया है। क्षेत्रवासियों ने इस मांग को दोहराते हुए उम्मीद जताई है कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण समस्या का शीघ्र समाधान होगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुलभ हो सकेगी और लोगों को राहत मिलेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story