लसाड़िया: घाटा-लालपुरा में मौतों के बाद पहुंचे रघुवीर मीणा, प्रशासन से जांच की मांग
पूर्व सांसद ने शोकाकुल परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस, क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर जताई गहरी चिंता।

लसाड़िया के घाटा गांव में शनिवार को मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा और साथ में मौजूद अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि।
लसाड़िया क्षेत्र के घाटा और लालपुरा गांवों में हाल ही में हुई दुखद घटनाओं के बाद शनिवार को पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मृतकों के परिजनों के घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पूर्व सांसद मीणा ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग
पूर्व सांसद मीणा ने कहा कि "लगातार हो रही मौतों ने पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना दिया है, जिसे दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।" उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने, क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को अंधविश्वास से दूर रहकर सरकारी अस्पतालों में उपचार लेने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और शीघ्र सुधार की मांग की। इस दौरान लसाड़िया प्रशासक रुपलाल मीणा, अग्गड प्रशासक भैरूलाल मीणा, कडुणी प्रशासक मनोज कुमार मीणा, ओवरा प्रशासक कमलेश मीणा, लसाड़िया मंडल अध्यक्ष कानाराम मीणा, हम्मीद मोहम्मद, नवलाराम मीणा, भगाराम मीणा, केसुलाल मीणा आदि मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
