लसाड़िया में जनगणना 2027 का प्रशिक्षण: प्रगणकों ने ली गोपनीयता की शपथ
राजकीय महाविद्यालय में प्रगणकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से डाटा एंट्री का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया और निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई गई।

लसाड़िया के राजकीय महाविद्यालय में जनगणना 2027 प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक चन्द्र प्रकाश सुथार की उपस्थिति में गोपनीयता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लेते प्रगणक एवं सुपरवाइजर।
लसाड़िया स्थित राजकीय महाविद्यालय में चल रहे जनगणना 2027 प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दक्ष प्रशिक्षक चन्द्र प्रकाश सुथार ने प्रशिक्षणार्थियों को मोबाइल ऐप के उपयोग, डाटा एंट्री, परिवार विवरण भरने तथा ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल एप्लीकेशन पर कार्य करते हुए वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास कराया गया, ताकि फील्ड में कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित कार्मिकों ने ईमानदारी, पारदर्शिता और पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही उन्हें संविधान के अनुरूप कार्य करने, जनगणना की गोपनीयता बनाए रखने तथा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई, जो दक्ष प्रशिक्षक चन्द्र प्रकाश सुथार द्वारा दिलाई गई।
अधिकारियों ने सभी कार्मिकों से अपील की कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को गंभीरता से लेते हुए सटीक एवं सही आंकड़े एकत्रित करें। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी दिनेश आचार्य, चार्ज अधिकारी रामजीलाल गुर्जर, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी गोपाल अग्रवाल, आरपी राजेन्द्र प्रसाद मीणा, कॉलेज व्याख्याता दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम ने जनगणना कार्य में तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
