आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में कृषि आदानों की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी के निर्देशन में जिलेभर में कृषि आदान विक्रेताओं के विक्रय परिसरों पर औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कुल 176 कृषि केंद्रों की जांच की गई।

इस निरीक्षण अभियान में सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं बीडीओ शामिल रहे। अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ सीजन के दौरान बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक की निर्बाध एवं आवश्यक उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जमाखोरी एवं कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।

निरीक्षण के दौरान कृषि आदान विक्रेताओं के अनुज्ञा पत्रों की वैधता की विस्तृत जांच की गई। साथ ही विक्रय परिसरों में उपलब्ध पीओएस मशीन, स्टॉक पंजिका तथा वास्तविक भौतिक स्टॉक का भी गहन सत्यापन किया गया, ताकि रिकॉर्ड और वास्तविक उपलब्धता में किसी प्रकार की विसंगति न रहे।

जांच के दौरान जिन विक्रेताओं के यहां अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए गए तथा आवश्यकतानुसार नोटिस भी दिए गए। पूरे अभियान में 19 अधिकारियों की टीमों द्वारा जिले के 176 कृषि केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और खरीफ सीजन में कृषि आदानों की सुचारू एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story