जनजाति सुरक्षा मंच की जिला कार्यशाला: लसाडिया में दिल्ली गरजना रैली की रणनीति तैयार
प्रदेश संयोजक लालू राम कटारा ने आरक्षण और धर्मांतरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए 24 मई 2026 को दिल्ली में गरजना रैली आयोजित करने का आह्वान किया।

सलूम्बर के लसाडिया पंचायत समिति परिसर में आयोजित जनजाति सुरक्षा मंच की जिला कार्यशाला में मंचासीन पदाधिकारी और उपस्थित समाज के लोग।
सलूम्बर। सलूम्बर जिले के जनजाति सुरक्षा मंच की जिला कार्यशाला शुक्रवार को लसाडिया पंचायत समिति परिसर हाल में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में जनजाति समाज के अधिकारों और धर्मांतरण जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आरक्षण और धर्मांतरण पर प्रदेश संयोजक का कड़ा रुख
कार्यशाला में प्रदेश संयोजक लालू राम कटारा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि जनजाति समाज भोली-भाली होने की वजह से नुकसान उठा रहा है। समाज का आरक्षण उन कन्वर्टेड लोगों द्वारा हड़पा जा रहा है जो धर्मांतरण कर चुके हैं और अब भी जनजाति कोटे का अनुचित फायदा उठा रहे हैं। लालू राम कटारा ने स्पष्ट रूप से कहा कि "जनजाति समाज का अब एक ही नारा है—जो भोले नाथ का वह नहीं, वो हमारी जात का नहीं।" इसी हुंकार के साथ जनजाति समाज द्वारा आगामी 24 मई 2026 को दिल्ली में विशाल 'गरजना रैली' आयोजित की जाएगी।
स्वयं के खर्च पर दिल्ली जाएगा समाज: शांतिलाल मीणा
प्रांतीय सुरक्षा मंच के सदस्य व प्रधान प्रतिनिधि धरियावद शांतिलाल मीणा ने आगामी रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि "समाज स्वयं के पैसे के माध्यम से दिल्ली जाएगा और अपना हक प्राप्त करने के लिए आंदोलन चलाएगा।" उनका यह भी कहना था कि "जो लोग धर्म छोड़कर चले गए हैं, उन लोगों को वापस अपने हिंदू धर्म में जोड़ने का निरंतर प्रयास रहेगा।"
लसाडिया से जुटेगी सर्वाधिक भीड़: कन्हैया लाल मीणा
उदयपुर देहात जिला महामंत्री व पूर्व भाजपा प्रदेश मंत्री कन्हैया लाल मीणा ने भी समाज को दिल्ली जाने के लिए जागृत किया। उन्होंने विश्वास जताया कि "सबसे अधिक संख्या हमारे लसाडिया पंचायत समिति से दिल्ली के लिए जाएगी।" इस दौरान चित्तौड़ जनजाति सुरक्षा मंच संयोजक व पूर्व प्रधान शंकर सिंह मीणा, जनजाति सुरक्षा मंच जिला भिंडर संयोजक कैलाश चंद मीणा सरेडी, और सहसंयोजक बाबूलाल मीणा ओवरा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की सहभागिता
कार्यशाला में वनवासी कल्याण परिषद के भींडर जिला अध्यक्ष सोहन सिंह मीणा, चित्तौड़ जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश मेनारिया, और भिंडर जिला मंत्री राजमल मीणा ने भी विचार रखे। वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत सह श्रद्धा जागरण प्रमुख जगदीश वैष्णव और लसाडिया तहसील अध्यक्ष गौतम लाल मीणा भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन वनवासी कल्याण परिषद के जिला संगठन मंत्री करमचंद मीणा ने किया, जिन्होंने मुख्य वक्ता व मंच के अधिकारियों का परिचय करवाया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की तस्वीर पर माला अर्पण व तिलक लगाकर किया गया। यह समस्त सूचना जिला मीडिया प्रभारी दिनेश चंद्र प्रजापत द्वारा प्रदान की गई।

Naresh kumar ved
नाम: नरेश कुमार वेद
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड क्षेत्र, लसाड़िया (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय मुद्दे
परिचय
नरेश कुमार वेद लसाड़िया उपखण्ड क्षेत्र के स्थानीय संवाददाता हैं। वह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसमें स्थानीय जनसमस्याएं, प्रशासनिक गतिविधियां, सामाजिक घटनाक्रम और ग्रामीण अंचल के समाचार शामिल हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
नरेश कुमार वेद को मीडिया क्षेत्र में दो दशकों का लंबा अनुभव है। वह साल 2006 से 'राजस्थान पत्रिका' में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और लगातार क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास (माध्यमिक शिक्षा) तक पूरी की है।
