श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार विश्व प्रसिद्ध जयसमंद झील की पाल स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में देवस्थान विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत भगवान नर्मदेश्वर महादेव का विधि-विधान से महा रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न हुई।

श्रावण के प्रथम सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोषों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।

मुख्य कार्यक्रम में सराड़ा उपखंड अधिकारी बिंदुबाला राजावत, विधायक शांतादेवी मीणा, जयसमंद पंचायत समिति के विकास अधिकारी दयाचंद यादव तथा जयसमंद रेंजर डॉ. राजेन्द्र महला ने विधि-विधान से भगवान नर्मदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक एवं महाआरती की।

देवस्थान विभाग के विनोद शर्मा, पंडित जयंतीलाल शर्मा तथा जमनालाल सेवक के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, सामाजिक सौहार्द, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी स्वरूप सिंह, वरिष्ठ लिपिक ओमप्रकाश टेलर, संजय सेवक, राजेन्द्र प्रसाद, तुलसीराम शर्मा, शिवपुरी, कन्हैयालाल पटेल, सुरेन्द्र कुमार, खुमान मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। जयसमंद की मनोरम पाल पर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं का भव्य संगम बना।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story