राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत पंचायत समिति जयसमंद की ग्राम पंचायत धावड़िया में आयोजित शिविर वर्षों से लंबित भूमि बंटवारे के मामले के समाधान का केंद्र बना, जहां प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लाभार्थियों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कन्हेलाल, गेबीलाल, गौतम, भूरी बाई एवं शंकर के संयुक्त नाम दर्ज कृषि भूमि का आपसी सहमति से विधिवत बंटवारा कराया गया।

शिविर में प्राप्त आवेदन के आधार पर संबंधित अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन किया। इसके बाद मौके पर आवश्यक जांच और राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर बंटवारे की पूरी प्रक्रिया संपन्न की गई। कार्रवाई के तहत खाता संख्या 180, किता संख्या 11 तथा 0.91 हेक्टेयर कृषि भूमि का नियमानुसार बंटवारा कर सभी लाभार्थियों को उनका वैधानिक अधिकार प्रदान किया गया।

लाभार्थियों ने बताया कि संयुक्त खाते के कारण उन्हें लंबे समय से कृषि कार्य करने, भूमि संबंधी दस्तावेज तैयार कराने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी समस्या का त्वरित और पारदर्शी समाधान होने से अब वे अपनी भूमि पर स्वतंत्र रूप से कृषि कार्य कर सकेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त कर पाएंगे।

शिविर के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर सभी पक्षों की सहमति से नामांतरण सहित आवश्यक राजस्व कार्रवाई भी पूरी कराई। इस प्रक्रिया से परिवार के सभी सदस्यों को न्यायोचित अधिकार मिलने के साथ आपसी सहमति और भाईचारे को भी मजबूती मिली।

लाभार्थियों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा शिविर आयोजन से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story