पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रति ग्रामीण समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को लसाड़िया ब्लॉक की टटाकिया ग्राम पंचायत में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महान सेवा संस्थान एवं बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों तथा विभिन्न सामुदायिक समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वेद प्रकाश शर्मा, कार्यक्रम निदेशक बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान महान सेवा संस्थान के निदेशक राजेन्द्र गामठ ने संस्था की विभिन्न गतिविधियों और उसके सामाजिक उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ग्रामीण विकास में सामुदायिक सहभागिता की भूमिका पर प्रकाश डाला।

बासुदेव सदन के प्रतिनिधि ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संस्थागत सहयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं परियोजना समन्वयक मनोज कुमार गौतम ने वर्तमान परियोजना गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए समुदाय आधारित विकास कार्यों और उनके प्रभावों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में सियाराम ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व, जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रतिभागियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा हुई।

कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। ग्राम स्तरीय विकास समितियों (वीडीसी) एवं किसान फील्ड स्कूल (एफएफसी) के सदस्यों ने परियोजना से प्राप्त लाभों और क्षेत्र में आए सकारात्मक परिवर्तनों के अनुभव साझा किए।

मुख्य अतिथि वेद प्रकाश शर्मा ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक नागरिक से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विक्रम चौहान ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में प्रशासक प्रतिनिधि एवं समाजसेवी लक्ष्मण लाल मीणा ने कहा कि महान सेवा संस्थान ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकासोन्मुखी कार्य कर रहा है तथा ग्राम पंचायत जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को निरंतर सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा वृक्षारोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। समापन अवसर पर परियोजना समन्वयक मनोज कुमार गौतम ने अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रतिभागियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्था के आदर्श मिश्रा, पूंजा लाल, अनिल, प्रकाश, सीता, श्यामा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को केंद्र में रखकर आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में सतत विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story