एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (EMRS), प्रेमनगर सलूंबर में बुधवार को क्लस्टर स्तरीय गेम्स एवं स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का शुभारंभ हुआ। सलूंबर क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 8 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के 318 छात्र-छात्राएं इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिताएं 16 से 18 सितम्बर तक आयोजित की जा रही हैं।

उद्घाटन कार्यक्रम में राजस्थान स्टेट EMRS सोसायटी के अतिरिक्त आयुक्त एवं सदस्य सचिव श्री महावीर खराड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी, श्री दौलत राम कलारुआ सहित अन्य गणमान्यजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में EMRS प्रेमनगर सलूंबर के प्राचार्य श्री के. एस. मीणा ने अतिथियों का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे छात्र-छात्राओं और खेल शिक्षकों का अभिनंदन किया तथा सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, शतरंज, वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

मुख्य अतिथि श्री महावीर खराड़ी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर प्रयास के साथ जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए।

जिला कलक्टर एवं EMRS प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं अनुशासन विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। जिला कलक्टर ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।



प्रतियोगिता को लेकर विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली। विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।

क्लस्टर स्तरीय गेम्स एवं स्पोर्ट्स मीट के सफल आयोजन के लिए EMRS प्रेमनगर सलूंबर के प्राचार्य श्री के. एस. मीणा के मार्गदर्शन में विद्यालय स्टाफ, खेल शिक्षकों और आयोजन समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रतिभागी विद्यार्थियों की सुविधा, खेल मैदान तथा अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। 18 सितम्बर तक चलने वाली यह प्रतियोगिता सलूंबर क्लस्टर के 8 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल भावना प्रदर्शित करने का अवसर दे रही है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story