सलूम्बर, 5 दिसंबर। सलूम्बर में युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत, सलूम्बर में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 10 दिसंबर 2025 को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर में किया जाएगा। यह महोत्सव स्थानीय युवाओं के लिए विविध कला, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का एक प्रमुख मंच प्रदान करेगा।

सलूम्बर के सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय – माध्यमिक) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महोत्सव में विज्ञान मेला, समूह व एकल नृत्य, समूह व एकल गीत, कविता, कहानी, चित्रकला, भाषण, हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल, कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी और राजस्थान की लुप्त होती कलाओं जैसे फड़, रावणहत्था, रम्मत, अलगौजा, माण्डना, कठपुतली, भित्ती चित्र और खडताल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आयु सीमा 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी राजस्थान युवा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट youthboard.rajasthan.gov.in

पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए आवेदन पत्र की प्रिंट, आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। इस महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को संभागीय स्तर पर भाग लेने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच मिल सकेगा।

इस महोत्सव के माध्यम से न केवल युवाओं की कला और विज्ञान में रुचि को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक और पारंपरिक कलाओं को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story