जिला कलक्टर ने खोली स्वास्थ्य सेवाओं की पोल, जनता क्लिनिक और स्कूलों का औचक निरीक्षण
सलूंबर जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने जनता क्लिनिक और विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।

तस्वीर में जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. और अन्य अधिकारी सलूंबर के एक स्वास्थ्य संस्थान में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जिले में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं की जमीनी स्थिति जांचने के लिए जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने गुरुवार सुबह शहर के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जनता क्लिनिकों, स्वास्थ्य संस्थानों और विद्यालयों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने गांधी चौक स्थित जनता क्लिनिक, माहेश्वरी नोहरे के पास स्थित स्वास्थ्य संस्थान, रावली पोल स्थित जनता क्लिनिक, रामद्वारा विद्यालय तथा गांधी चौक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच करते हुए ओपीडी संचालन, दवाइयों की उपलब्धता, मेडिकल स्टोर, दवा वितरण प्रक्रिया, मरीज पंजीकरण, विभिन्न रजिस्टरों के संधारण, चिकित्सकों एवं कार्मिकों की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने रिकॉर्ड का अवलोकन कर आवश्यक दस्तावेजों और रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जाए।
जिला कलक्टर ने अस्पताल स्टाफ से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, उपलब्ध संसाधनों, दवा वितरण व्यवस्था और दैनिक कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आमजन को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार और आवश्यक दवाइयां बिना किसी असुविधा के उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखा जाए।
इसके बाद जिला कलक्टर ने रामद्वारा विद्यालय और गांधी चौक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने, स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संस्थानों में आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सेवाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार, सलूंबर तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा, नगर परिषद आयुक्त अभिषेक, नगर परिषद के जेईएन भगवती लाल मीणा, चिकित्सा विभाग से देवेंद्र, नगर परिषद से नरेन्द्र वैष्णव, प्रेम भोई, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
