सलूंबर, 5 दिसंबर। जिला कलक्टर अवधेश मीना ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की सेवाओं, व्यवस्थाओं और स्वच्छता की समीक्षा की। इस निरीक्षण का उद्देश्य चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करना था।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन कक्ष, दवा स्टोर, प्रयोगशाला और परिसर की साफ-सफाई, पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से सेवाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया और उपचार प्रक्रिया की जानकारी संबंधित चिकित्साकर्मियों से विस्तार से ली।

अध्यक्ष कार्यालय में उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने के बाद उन्होंने आपातकालीन कक्ष में तीनों शिफ्टों के नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर की ड्यूटी की बोर्ड पर सही रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यक रक्त उपलब्ध कराने, दवाओं को सुव्यवस्थित रखने और संस्थान में सफाई सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने ओपीडी में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन आभा आईडी से करवाने, वार्ड में बाथरूम की मरम्मत और मां योजना में अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए।

अवधेश मीना ने 108 व 104 वाहन के लोकेशन तुरंत प्रभाव से जिला चिकित्सालय में सुनिश्चित करने, स्टाफ को यूनिफॉर्म एवं आईडी कार्ड के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पाबंद करने और जनरल वार्ड, लेबर रूम, दवा स्टोर व प्रयोगशाला में पर्याप्त स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने छतों पर पानी जमा न होने देने, नियमित सफाई, एंटीलार्वा एवं मच्छर रोधक गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. महेन्द्र परमार, भगवतीलाल मीणा सहित अन्य चिकित्सक और स्टाफ उपस्थित रहे। जिला कलक्टर का यह औचक निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार, रोगनिवारण और मरीजों को सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story