सलूम्बर। जिले में किसानों की बढ़ती समस्याओं के बीच मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों की आवाज़ से गूंज उठा। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता एडवोकेट के नेतृत्व में यूरिया-डीएपी खाद की किल्लत, कालाबाजारी, सिंचाई संकट और बिजली कनेक्शन में देरी जैसे मुद्दों को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर तत्काल राहत की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिले में किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि जहां 270 रुपये का बैग सरकारी दर पर उपलब्ध होना चाहिए, वहीं कई दुकानों पर इसे 550 से 600 रुपये तक बेचा जा रहा है। कालाबाजारी से परेशान किसान मजबूरी में महंगे दामों पर खाद खरीदने को विवश हो रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और निगरानी की कमी ने हालात और खराब कर दिए हैं।

जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दो से तीन दिनों में खाद आपूर्ति और बिजली-सिंचाई संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर बड़ा जनांदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को किसानों की पीड़ा को गंभीरता से लेना होगा, अन्यथा बड़े स्तर पर विरोध झेलने के लिए तैयार रहना चाहिए।

पूर्व सांसद और उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि जिले के अनेक किसानों के नए कृषि विद्युत कनेक्शन महीनों से लंबित पड़े हैं। वहीं, बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण बोई गई फसलें सूखने की कगार पर हैं। उन्होंने मांग की कि विद्युत विभाग को पाबंद किया जाए और सभी लंबित कनेक्शन तुरंत जारी किए जाएं, ताकि रबी सीजन की फसलें संकट से बच सकें।

प्रदर्शन के दौरान झल्लारा क्षेत्र के पूर्व सरपंच रामलाल मीणा द्वारा प्रस्तुत बिलानाम भूमि नियमन संबंधी ज्ञापन का भी कांग्रेस ने पूर्ण समर्थन किया और इसके शीघ्र निस्तारण की मांग रखी। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निरीक्षण हो, पर्याप्त यूरिया-डीएपी का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए, सिंचाई हेतु नियमित बिजली उपलब्ध कराई जाए और भूमि नियमन से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, पूर्व प्रधान और विधानसभा प्रत्याशी रेशमा मीणा, सलूम्बर ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राठौड़, झल्लारा ब्लॉक अध्यक्ष गणेशलाल मेहता, सराडा ब्लॉक अध्यक्ष गणेशलाल चौधरी, उपाध्यक्ष बहादुर सिंह पड़तलिया, पंचायत समिति जयसमंद प्रधान गंगाराम मीणा, पूर्व प्रधान देवीलाल मीणा, वरिष्ठ कन्हैयालाल मेहता, भंवरलाल नागदा, नगर परिषद सभापति प्रधुमन कोडिया, उपसभापति अब्दुल रऊफ खान, नगर अध्यक्ष सुनील सेवक तथा कई अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने त्वरित कदम नहीं उठाए, तो यह केवल एक चेतावनी भर होगी। जिले के किसान अपने अधिकारों के लिए सड़क से लेकर कलेक्ट्रेट तक आवाज बुलंद करने को तैयार हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story