आगामी पंचायत राज और नगर परिषद चुनावों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने की। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती और प्रत्याशी चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव राजेश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी दिनेश श्रीमाली विशेष अतिथि तथा विधानसभा प्रभारी नरेंद्र जैन भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने प्रदेश प्रभारी राजेश चौधरी का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में संगठन के सभी सदस्यों से व्यक्ति विशेष से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने आगामी चुनावों को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि टिकट का फैसला केवल आलाकमान नहीं करेगा, बल्कि जनता की राय और क्षेत्र में समर्थकों के बीच जनसमर्थन रखने वाले कार्यकर्ताओं को ही चुनाव लड़ने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्य अतिथि एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव राजेश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आपसी सामंजस्य के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनावों से पहले सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाएं और जनसमर्थन जुटाकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करें।

वहीं प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी दिनेश श्रीमाली तथा विधानसभा प्रभारी नरेंद्र जैन ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मुद्दे तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने प्रमुखता से रखने की बात कही।

बैठक में पंचायत राज और नगर परिषद चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए। बैठक में संगठन को सक्रिय कर चुनावी मैदान में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story