मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की राज उन्नति की समीक्षा, ढिलाई पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
राज उन्नति की चौथी बैठक में 23,890 करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की तय होगी व्यक्तिगत जिम्मेदारी।

मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित राज उन्नति बैठक के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारी और प्रशासनिक कर्मचारी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित राज उन्नति की चतुर्थ बैठक में लगभग 23 हजार 890 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए तय समय में कार्य पूर्ण नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विकास कार्य हर हाल में निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की देरी के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा लापरवाह कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज उन्नति की बैठक से 15 दिन पूर्व विभागीय स्तर पर उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि परियोजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके और समयबद्ध प्रगति बनी रहे।
जिले से वर्चुअल माध्यम से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारियों को अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के पास बड़ी उम्मीद लेकर आते हैं, ऐसे में नियमित जनसुनवाई के माध्यम से उन्हें समय पर राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों के साथ यह बैठक प्रशासनिक जवाबदेही और समयबद्ध विकास कार्यों को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
