सलूंबर में आयोजित स्वच्छता नागरिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, प्लास्टिक मुक्त और स्वस्थ समाज का संदेश
सलूंबर में आयोजित ‘‘स्वच्छता नागरिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता विशेष कार्यक्रम’’ में नागरिकों ने शपथ ली, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा प्राप्त की। नगर परिषद और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना और व्यक्तिगत, पारिवारिक तथा सामुदायिक स्तर पर स्वच्छ व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, साथ ही कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने हेतु कागज और कपड़े के थैले वितरित किए गए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश पाटीदार ने कहा कि रोजमर्रा के आवश्यक समान हेतु प्लास्टिक का उपयोग कम करना और एक प्लास्टिक मुक्त भारत का निर्माण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के विभिन्न तरीकों पर भी विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया, एसीईओ, नगर परिषद आयुक्त श्री गणपत लाल खटीक, जनप्रतिनिधि, जिला परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता कर्मी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वच्छता को नागरिकों की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत साफ-सफाई अभियान, जन-जागरूकता संवाद, पोस्टर प्रदर्शनी और शपथ समारोह आयोजित किया गया, जिससे नागरिकों में स्वच्छता संबंधी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिली। इसके बाद ‘‘नव उत्थान-नई पहचान: बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान’’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जो आकर्षण का केंद्र बनी।
नगर परिषद आयुक्त श्री गणपत लाल खटीक ने बताया कि इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों से स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी और नागरिकों की सहभागिता से सलूंबर जिले को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
