सलूंबर में जिला बाल वाहिनी समिति की बैठक, स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर जारी हुए सख्त दिशा-निर्देश
सलूंबर में जिला बाल वाहिनी समिति की बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए। जीपीएस, सीसीटीवी, हेलमेट और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।

बाल वाहिनी समिति की बैठक के दौरान एक मेज के चारों ओर बैठकर चर्चा करते पुलिस अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी और स्कूल प्रतिनिधि।
जिले में स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला बाल वाहिनी समिति की बैठक पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी विपिन माहेश्वरी सहित विभिन्न विद्यालयों के संचालक, अभिभावक प्रतिनिधि, प्रबुद्ध अधिवक्ता और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिला परिवहन अधिकारी विपिन माहेश्वरी ने बाल वाहिनी योजना के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालय वाहनों के सुरक्षित संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल वाहन पर हेल्पलाइन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी वाहनों में जीपीएस (GPS), स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स तथा वाहन के सभी वैध दस्तावेज और फिटनेस प्रमाण-पत्र अद्यतन रखना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विद्यालयों के बाहर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विद्यालय के बाहर आवश्यक रोड साइन, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा संकेतकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों के आवागमन के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने बैठक को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया और सभी विद्यालय संचालकों तथा वाहन संचालकों को निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने पर विशेष बल देते हुए संबंधित विभागों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
बैठक में दोपहिया वाहनों से विद्यालय आने वाले सभी चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों को हेलमेट के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त सभी स्कूल वाहनों में लगे सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से चालू और क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। बैठक के अंत में सभी विद्यालय संचालकों और संबंधित अधिकारियों से बाल वाहिनी नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, अनुशासित और मानक अनुरूप परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
