सलूम्बर। जिला मुख्यालय पर पेंशनर समाज द्वारा आयोजित वार्षिक अधिवेशन रविवार को माहेश्वरी समाज के पंचायती भवन में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सेवा के बाद भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े पेंशनरों की एकजुटता और समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित यह अधिवेशन संवाद, सम्मान और आश्वासनों का सशक्त मंच बना।

अधिवेशन की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक शांता अमृत मीणा रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिदेशक पेंशन एवं पेंशनर कल्याण विभाग मयंक व्यास ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कोषाधिकारी रवि प्रकाश लंबा उपस्थित रहे। संभाग कोऑर्डिनेटर एयू बैंक दीपक भट्ट, पारस हॉस्पिटल के डॉ. विशाल भट्ट, विशिष्ट अतिथि बृजभूषण सिंह तथा अतिरिक्त कोषाधिकारी संजय पटेल ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष विजय शंकर शर्मा द्वारा अतिथियों एवं पेंशनरों के स्वागत और अभिनंदन से हुई। अधिवेशन के दौरान समाज के भामाशाहों, गौरव रत्नों और वरिष्ठजनों का क्रमबद्ध रूप से सम्मान किया गया। इसके साथ ही जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं और विभिन्न उपशाखाओं के अध्यक्षों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

अपने उद्बोधन में उपनिदेशक मयंक व्यास ने पेंशनरों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें अधिकतम राहत दिलाने का भरोसा दिलाया। जिला अध्यक्ष शर्मा ने नवगठित जिले की नई कार्यकारिणी के समक्ष मौजूद चुनौतियों और आवश्यकताओं को विस्तार से रखा। अधिवेशन में पेंशनरों ने भी खुलकर अपने विचार व्यक्त किए, जिनमें नाथूलाल कचोरिया, पूंजीलाल वरणोती, अमृतलाल पांडे, हिम्मत सिंह चौहान, शिव नारायण आगाल, लक्ष्मण दास, नारू लाल, ओम जी भट्ट, तुलसीराम शर्मा, शिवलाल पटेल और बसंती लाल चौबीसा प्रमुख रहे।

इस अवसर पर हबीबुर्रहमान, हीरालाल शर्मा, अली मोहम्मद परवाना, राजमल जैन, वालीराम बुनकर, दिनेश लड्ढा, चंद्रा शर्मा, मीनाक्षी मेहता, पुष्पा शर्मा, रीता चोबिसा, नारायण लाल टेलर और नारायण लाल चौबीसा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कृष्णकांत पानेरी ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन की जिम्मेदारी रामेश्वर चौबीसा ने निभाई।

कुल मिलाकर यह अधिवेशन न केवल सम्मान का अवसर रहा, बल्कि पेंशनरों की आवाज को मजबूती देने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story