जवाजा/भीम, राजसमन्द। क्षेत्र में अवैध क्लिनिक और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के अभाव ने एक और जान ले ली। बराखन गांव निवासी 28 वर्षीय मदन सिंह रावत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है तथा स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मदन सिंह अपनी 2 वर्षीय भतीजी को बुखार और उल्टी की शिकायत के चलते भीम के एक निजी क्लिनिक लेकर गया था। इसी दौरान उसने सिरदर्द की शिकायत भी बताई। आरोप है कि बिना किसी जांच के उसे दवाइयां दी गईं, साथ ही ड्रिप और इंजेक्शन लगाए गए। उपचार के तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई। क्लिनिक में प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से ब्यावर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सामान्य सिरदर्द में इस प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। उन्होंने बिना जांच इलाज करने, आवश्यक दस्तावेज छिपाने और मामले को दबाने की कोशिश जैसे आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग और सीएमएचओ स्तर की निगरानी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध क्लिनिक संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। हाल ही में खमनोर और भीम क्षेत्र में बच्चों की मौत के मामले सामने आने के बावजूद विभाग की ढिलाई जारी है, जिससे हालात और चिंताजनक हो गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिना डिग्री और पंजीकरण के लोग खुलेआम इलाज कर रहे हैं, जिससे ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह स्थिति स्वास्थ्य तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाती है कि आखिर कब तक झोलाछाप डॉक्टरों का यह खेल यूं ही चलता रहेगा और विभाग मूकदर्शक बना रहेगा।

मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करते हुए व्यापक चिंता को जन्म दिया है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story