राजसमन्द। नाथद्वारा के विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने जयपुर स्थित स्वायत्त शासन विभाग में आयोजित प्राक्कलन समिति “क” की बैठक में भाग लेते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े गंभीर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और उनके त्वरित समाधान की मांग की। विधायक मेवाड़ ने बैठक के दौरान नाथद्वारा क्षेत्र में भूमि रूपांतरण (लैंड कन्वर्जन) की जटिल प्रक्रियाओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आमजन को इससे अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि इस प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें।

नगर निकायों की लचर व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने शहरों में सफाई व्यवस्था, प्रभावी कचरा प्रबंधन और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निगम के अधिकारियों का व्यवहार आमजन के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। बैठक में शहर में पनप रहे अवैध निर्माणों के मामलों को उठाते हुए मेवाड़ ने सख्त रुख अपनाया और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने की मांग रखी, ताकि भविष्य में शहरी विकास सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ सके।

विधायक ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए जयपुर के सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जयपुर के पुराने शहर को अपनी यूनेस्को हेरिटेज पहचान बनाए रखने के लिए विरासत संरक्षण, सौंदर्यीकरण और मानकों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। अंत में, विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आमजन को स्वच्छ, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनहित से जुड़े इन मुद्दों के समाधान हेतु उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story