राजसमंद। ग्राम पंचायत पीपलांत्री कला में स्थित बाबा रामदेव जी के चबूतरे को प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन से तोड़े जाने के बाद ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। विवादित घटना के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्ट्री पहुंचे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि आराजी नम्बर 2202 में स्थित यह चबूतरा पिछले पांच वर्षों से स्थायी रूप से मौजूद था। प्रशासन का दावा है कि यह स्कूल ग्राउंड की भूमि में आता है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल ग्राउंड पीपलांत्री खुर्द की आराजी नम्बर 1 में है और चबूतरा पूरी तरह से पीपलांत्री कला की भूमि में (आराजी नम्बर 2202, 2 विस्वा) स्थित था।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चबूतरे के आसपास अन्य व्यक्तियों ने अवैध कब्जे कर बाड़े बना रखे हैं और स्कूल ग्राउंड में पशुओं के मल-मूत्र के लिए रेत व रोड़ियां बिछाई गई हैं, बावजूद इसके किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। केवल धार्मिक स्थल को हटाए जाने से ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

इसके अलावा, पीपलांत्री खुर्द में स्कूल ग्राउंड के पास आराजी नम्बर 417 की भूमि पर अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आमजन को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, राजकीय माध्यमिक विद्यालय पीपलांत्री के खेल मैदान (खसरा नम्बर 756/1, क्षेत्रफल 1.3436 हेक्टेयर) पर भी अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि सभी संबंधित खसरों की मौके पर जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए और धार्मिक स्थल तोड़ने के निर्णय की पुनः समीक्षा कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।

इस घटना ने न केवल स्थानीय धार्मिक भावनाओं को झकझोर दिया है, बल्कि भूमि अधिकार और अतिक्रमण के मुद्दों पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच को लेकर ग्रामीणों की संवेदनशीलता और सक्रियता इसे और भी महत्वपूर्ण बना रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story