आमेट: उदयपुर-जयपुर रोडवेज बस सेवा पुनः बहाल करने की मांग तेज
सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद भी बस संचालन शुरू न होने से यात्रियों को परेशानी, अजमेर तक सीधी सेवा की मांग।

आमेट। उदयपुर से जयपुर वाया नाथद्वारा, कांकरोली, सरदारगढ़ और आमेट होकर संचालित होने वाली राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की द्रुतगामी बस सेवा को पुन: बहाल करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के प्रख्यात समाज सेवी सत्यदेव शर्मा ने यात्रियों की असुविधा को देखते हुए इस बंद पड़ी बस सेवा को अविलंब शुरू करने की पुरजोर पैरवी की है।
शर्मा ने वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि पूर्व में उदयपुर से प्रस्थान कर कांकरोली, सरदारगढ़, आमेट, ब्यावर, अजमेर और जयपुर होते हुए दिल्ली तक जाने वाली रोडवेज की इस बस सेवा से आमजन को व्यापक परिवहन सुविधा उपलब्ध थी। पर्याप्त यात्री भार होने के बावजूद करीब तीन वर्ष पूर्व आमेट से देवगढ़ के मध्य मार्ग की जर्जर अवस्था के कारण इस सेवा को बंद कर दिया गया था। वर्तमान में सड़क निर्माण का कार्य पूर्णत: संपन्न हो चुका है, किंतु मार्ग सुगम होने के बाद भी विभाग द्वारा बस का संचालन पुन: प्रारंभ नहीं किया गया है।
समाज सेवी शर्मा ने सुझाव दिया कि यदि तकनीकी कारणों से दिल्ली तक की बस सेवा में विलंब है, तो जनहित में अजमेर तक सीधी बस सेवा तत्काल शुरू की जानी चाहिए। क्षेत्रवासियों को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और राजस्व मंडल (रिवेन्यू बोर्ड) से संबंधित कार्यों के लिए नियमित रूप से अजमेर जाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त पुष्कर, अजमेर शरीफ और खाटू श्याम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग पर निर्भर हैं। सीधी बस सेवा के अभाव में यात्रियों को जयपुर जाने या अजमेर से ट्रेन पकड़ने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस मांग के समर्थन में आमेट तहसील क्षेत्र के निवासी एवं विभिन्न व्यापार मंडल के संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सुर मिलाते हुए परिवहन विभाग से जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने का आग्रह किया है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
