राजकीय महाविद्यालय आमेट में तंबाकू नियंत्रण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों को कोटपा एक्ट की जानकारी दी गई और चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

राजसमंद के राजकीय महाविद्यालय आमेट में आयोजित तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य विभाग की टीम, कॉलेज स्टाफ और प्रतिभागी छात्र-छात्राएं।
आमेट। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर हेमंत कुमार बिंदल के आदेशानुसार राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजसमंद के अंतर्गत राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत राजकीय महाविधालय आमेट में तंबाकू एवं धूम्रपान सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सहित स्टाफ एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
नशामुक्त जीवन और कोटपा एक्ट पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के संदर्भ व्यक्ति विनोद पुरोहित ने छात्र छात्राओं को तंबाकू एवं धूम्रपान सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विनोद पुरोहित ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि "नशे से दूर रहने के उपाय अपनाएं और स्वस्थ जीवन शैली अपनाकर नशामुक्त जीवन जिएं।" उनके द्वारा नशामुक्त जीवन जीने के लिए सभी को प्रेरित किया गया। इस दौरान कोटपा एक्ट 2003 के प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विभाग की ओर से चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को पारितोषिक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान पर शालिनी बागवान, द्वितीय स्थान पर ख़ुशी रैगर, तृतीय स्थान पर मनीषा कुंवर राठौड़, चतुर्थ स्थान पर मनीषा प्रजापत एवं पंचम स्थान पर खुशबीर सिंह रहे।
निबंध प्रतियोगिता के परिणाम में प्रथम स्थान पर कुलदीप सिंह चौहान, द्वितीय स्थान पर लक्ष्मी रैगर, तृतीय स्थान पर भावना सरगरा, चतुर्थ स्थान पर सरोज कुंवर एवं पंचम स्थान पर पूजा रैगर रही।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
