आमेट। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्षा सुमन नाहटा एवं प्रबंध मंडल का मेवाड़ संगठन यात्रा के तहत आमेट आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। तेरापंथ सभा भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्षा ने नारी शक्ति और भावी पीढ़ी के नैतिक उत्थान पर बल देते हुए समाज को नई दिशा प्रदान की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ रेणु छाजेड़, हेमा भंडारी एवं संगीता चंडालिया द्वारा प्रस्तुत प्रेरणा गीत के सुमधुर गायन से हुआ। इसके पश्चात मंजू देवी भुतोडिया ने साध्वी प्रमुख श्रीजी के पावन संदेश का वाचन कर उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत किया। रितु धोखा ने राष्ट्रीय अध्यक्षा का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए मेवाड़ स्तरीय सांगठनिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की, जबकि महिला मंडल अध्यक्षा मंजू हिरण ने स्वागत वक्तव्य के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। कन्या मंडल की ओर से आयुषी हिंगड़ ने अपने ओजस्वी विचारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्षा का स्वागत किया।

मुख्य वक्ता के रूप में महिला मंडल को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्षा सुमन नाहटा ने 'नारीलोक' और बेटियों के संस्कारों को केंद्र में रखते हुए कहा कि एक सशक्त समाज का निर्माण केवल सशक्त नारी के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटियों को बचपन से ही सही दिशा, संस्कार और आत्मविश्वास प्रदान करना समय की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बेटियों को मात्र औपचारिक शिक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, नैतिकता, आत्मसम्मान, संयम, सहनशीलता और अनुशासन जैसे गुणों से सिंचित करें। नाहटा ने आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और मूल्यों के सामंजस्य पर बल दिया ताकि युवा पीढ़ी जीवन की विपरीत परिस्थितियों में भी अपना संतुलन बनाए रख सके। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे अपनी बेटियों को आत्मविश्वासी बनाएं और उनमें स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता विकसित करें, क्योंकि यदि नारी सशक्त और संस्कारित होगी, तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः ही प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।

समारोह की अग्रिम पंक्ति में पूर्व अध्यक्ष गजरा देवी बाफना, संतोष देवी हिरण, कमला देवी भरसारिया, सुधा मेहता, उमा हिरण और मीना गेलडा उपस्थित रहीं। साथ ही कन्या मंडल संयोजिका दिव्या श्री श्रीमाल, सहसंयोजिका शैली मेहता, तुलसी अमृत विद्यापीठ के अध्यक्ष अरविंद भरसारिया, तेयुप अध्यक्ष योगेश ढिलीवाल एवं जेटीएन प्रतिनिधि पवन कच्छारा सहित महिला मंडल की सदस्याओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री संगीता चंडालिया ने किया तथा उपस्थित जनों का आभार ज्ञापन सुधा मेहता द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी जेटीएन प्रतिनिधि पवन कच्छारा द्वारा प्रदान की गई।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story