तेरापंथ धर्मसंघ के संस्थापक आचार्य श्री भिक्षु की त्रिशताब्दी वर्ष संपन्नता दिवस के अवसर पर आमेट स्थित तेरापंथ सभा भवन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उपासक चंद्र प्रकाश मेहता एवं मुकेश चोरड़िया की पावन उपस्थिति और मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने धर्म आराधना का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर लाडनूं से आयोजित त्रिशताब्दी संपन्नता समारोह का सीधा प्रसारण टीवी के माध्यम से सभा भवन में दिखाया गया।

परम पूज्य युग प्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में मुख्य मुनि श्री महावीर कुमार जी को युवाचार्य के रूप में नियुक्त किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने ओम अर्हम की ध्वनि के साथ अत्यंत श्रद्धाभाव से कार्यक्रम का आनंद लिया और आचार्य श्री भिक्षु के जीवन, व्यक्तित्व तथा उनके द्वारा स्थापित तेरापंथ धर्मसंघ के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आचार्य श्री भिक्षु की आराधना, भक्ति गीत और धार्मिक चिंतन के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त की। आचार्य श्री भिक्षु के त्याग, तप, अनुशासन, मर्यादा एवं समता के संदेश को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए सभी से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

आचार्य श्री भिक्षु द्वारा स्थापित तेरापंथ धर्मसंघ आज भी मर्यादा, संयम, नैतिकता एवं आध्यात्मिक साधना की सशक्त परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। त्रिशताब्दी वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और धर्ममय जीवन जीने की प्रेरणा का अवसर है।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने धर्म आराधना करते हुए विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सद्भावना की मंगलकामना की। इस अवसर पर सभा संस्था पदाधिकारी, महिला मंडल, युवक परिषद आदि श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी jtn प्रतिनिधि पवन कच्छारा ने दी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story