राजसमंद के ऑलोक स्कूल हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में 12 नवंबर की रात चोरी हुई स्विफ्ट डिज़ायर कार का पुलिस ने नाटकीय खुलासा कर लिया। महीनों से सक्रिय वाहन चोरी गैंग की परतें खुलीं तो पता चला कि यह सिर्फ एक कार चोरी नहीं, बल्कि कई जिलों में फैले संगठित नेटवर्क का हिस्सा था। जिला पुलिस ने त्वरित जांच, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और रातभर गश्त की बदौलत इस मामले को सुलझाते हुए दो पुराने शातिरों को हिरासत में लिया और चोरी की तीन गाड़ियों को बरामद किया।

प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब हनुमानगढ़ निवासी, वर्तमान में ऑलोक स्कूल क्षेत्र में रहने वाले सर्वजीत सिंह ने रिपोर्ट दी कि उनकी स्विफ्ट डिज़ायर कार आरजे 13 सीए 8122 घर के बाहर से चोरी हो गई। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में एएसपी महेंद्र पारीक व डीएसपी नेत्रपाल सिंह की निगरानी में SHO सरोज बैरवा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी नेटवर्क, रात्रि गश्त और संदिग्धों की गतिविधियों का गहराई से विश्लेषण किया।

थोड़े ही समय में शक की सुई मनोज शर्मा तक पहुँची। डिटेन कर पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने नारायण गुर्जर, उस्मान और मुकेश के साथ मिलकर स्विफ्ट कार चोरी की थी। इसी दौरान रात्री गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ईको कार आरजे 19 सीजे 2036 पकड़ी, जिसकी नंबर प्लेट स्विफ्ट कार की प्लेट से बदलकर लगाई गई थी। दस्तावेज़ प्रस्तुत न कर पाने पर वाहन को धारा 106 बीएनएसएस में जब्त किया गया और जांच में यह कार पाली क्षेत्र से चोरी की हुई पाई गई।

आगे की कार्रवाई में पुलिस ने नारायण गुर्जर को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर सुमेरपुर से एक और ईको कार जीजे 24 के 6953 बरामद की, जो थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा क्षेत्र से चोरी की गई थी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों—मनोज शर्मा और नारायणलाल गुर्जर—का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया, जिन पर राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, नीमच और पाली जिलों में वाहन चोरी के एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल तीन जिलों में फैली वाहन चोरी श्रृंखला को तोड़ा, बल्कि यह भी उजागर किया कि पारंपरिक अपराधी अब तकनीक, नंबर प्लेट बदलने और रात्री गतिविधियों के जरिए संगठित तरीके से अपराध को अंजाम दे रहे थे। त्वरित कार्रवाई, पैनी जांच और टीम की सतर्कता ने इस गैंग की कड़ियों को तोड़ते हुए क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story