देवगढ़ (राजसमंद)।

राजसमंद जिले में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच देवगढ़ कस्बे से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात सुभाष नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 (नंबर RJ-23-UC-3557) को चोरी कर लिया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है, जिसमें तीन चोर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महेन्द्रसिंह पुत्र रामनिवास जी गुर्जर, निवासी खेड़ी राड़ान (जिला सीकर) हाल सुभाष नगर, देवगढ़ ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 8 नवम्बर की रात लगभग 1 बजकर 27 मिनट पर तीन अज्ञात व्यक्ति एक सफेद कार में सवार होकर उनके घर के बाहर पहुंचे। कुछ ही देर में उन्होंने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो का लॉक तोड़ दिया और करीब 1 बजकर 44 मिनट पर वाहन को स्टार्ट कर अम्बेडकर छात्रावास की दिशा में फरार हो गए।

महत्वपूर्ण बात यह है कि चोरी के समय वाहन में आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस बुक और करीब 12 हजार रुपये नकद भी रखे हुए थे। पीड़ित द्वारा पुलिस को उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज में तीनों चोरों की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं, जिससे पुलिस जांच में तेजी आई है।

थाना देवगढ़ पुलिस ने इस संबंध में अपराध धारा 303(2) बी.एन.एस. 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। जांच का कार्य हेड कॉन्स्टेबल बाबूसिंह (एचसी-483) को सौंपा गया है। थाना प्रभारी प्रियदर्शी सिंह ने बताया कि “सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”

राजसमंद में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाएं बनी चिंता का विषय

देवगढ़ में हुई इस वारदात ने जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पूर्व कांकरोली थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार की चोरी की घटना हुई थी, जिसमें मनोज कुमावत नामक व्यक्ति की स्कॉर्पियो कार चुरा ली गई थी। कई दिनों के बाद भी उस वाहन का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

लगातार हो रही इन वारदातों से यह स्पष्ट हो रहा है कि राजसमंद जिले में वाहन चोरों का संगठित गिरोह सक्रिय है, जो जिले की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। लगातार बढ़ती घटनाओं से नागरिकों में असुरक्षा की भावना के साथ-साथ प्रशासन के प्रति आक्रोश भी पनप रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story