राजसमंद में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा एवं कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, मातृशक्ति और आमजन ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा जगह-जगह कलश पूजन कर यात्रा का अभिनंदन किया।

यात्रा की शुरुआत प्रातः 9 बजे कोठारिया मंडल के काजरिया घाटी से हुई। यहां रथ का भव्य स्वागत एवं कलश पूजन किया गया। इसके बाद यात्रा गुंजोल चौराहा, कालबेलिया बस्ती कुंचोली, मेवाड़ा बस्ती एवं रेंगर बस्ती कुंचोली, बागोल तथा परावल पहुंची। इन सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।



जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि यात्रा के स्वागत के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती पर निकाली जा रही यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देने वाला अभियान है।

जगदीश पालीवाल ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त कर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया जा रहा है।

उन्होंने यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर हुए भव्य स्वागत के लिए ग्रामीणों, मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नाथद्वारा विधानसभा में यात्रा को जिस प्रकार का जनसमर्थन एवं उत्साह मिला है, वह संत रविदास महाराज के प्रति लोगों की श्रद्धा और सामाजिक समरसता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसके पश्चात यात्रा खमनोर मंडल के मोलेला, खमनोर एवं टांटोल पहुंची, जहां रथ का स्वागत एवं कलश पूजन किया गया। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर महिलाओं ने कलश लेकर तथा ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान संत रविदास महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया।

यात्रा दोपहर में देलवाड़ा मंडल के निचली ओडन पहुंची, जहां रथ का स्वागत एवं कलश पूजन किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत ओडन में सभा एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण, मातृशक्ति एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अभियान के जिला संयोजक महेंद्र सिंह चौहान, जिला महामंत्री प्रदीप काबरा, प्रकोष्ठ संयोजक हिम्मत कुमावत, उत्तम खींची, मंडल अध्यक्ष हरदयालसिंह चौहान, चेतन पंवार, किशन सिंह, प्रवीण जोशी, जितेंद्र सिंह राणावत, राम सिंह जी चौहान, लाल सिंह जी, जब्बर सिंह जी, नरेन्द्र सिंह जी, फतह लाल जी जैन, गोपाल जी पूर्बीया, लक्ष्मीनारायण जी पालीवाल, गोपाल जी जोशी, रघुवीर सिंह जी, सज्जन सिंह जी, गणपत सिंह जी, युवराज सिंह चौहान, घनश्याम जी चौधरी, लक्ष्मण नाथ जी कालबेलिया, जालम सिंह जी चुण्डावत, गिरवर सिंह जी, मंगल सिंह जी चौहान, भीम सिंह जी चौहान सहित भाजपा नाथद्वारा के पदाधिकारी उपस्थित थे।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत, कलश पूजन और पुष्पवर्षा ने संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के संदेश को क्षेत्र में व्यापक रूप से सामने रखा।

Next Story