राजसमंद: घरेलू विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा
कुंभलगढ़ के कुंचोली गांव में पारिवारिक कलह से परेशान युवक करीब चार घंटे तक टावर पर रहा, पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बाद टला हादसा।

राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को घरेलू विवाद के कारण मोबाइल टावर पर चढ़े युवक को समझाकर नीचे उतारती पुलिस और ग्रामीण।
राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र के कुंचोली गांव में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक लगातार समझाइश कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, केसर निवासी डालू राम पुत्र नाथूलाल भील पारिवारिक विवाद से परेशान था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल केलवाड़ा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से लगातार फोन पर बातचीत कर उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाइश शुरू की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी युवक को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी की नजरें युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयासों पर टिकी रहीं।
हेड कॉन्स्टेबल हरिसिंह, मोहनलाल और कॉन्स्टेबल सुनील ने लगातार युवक से बातचीत जारी रखी। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों के बाद करीब चार घंटे की मशक्कत सफल रही और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
