राजसमंद: वार्ड पंच के नंगे पैर आंदोलन के बाद भोपजी के बागल गांव पहुंचा पानी
वार्ड पंच बक्तावर गुर्जर के एक साल के नंगे पैर आंदोलन के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर गांव में पानी के टैंकरों की आपूर्ति शुरू की गई।

राजसमंद जिले के चारभुजा क्षेत्र के भोपजी के बागल गांव में वार्ड पंच बक्तावर गुर्जर के संघर्ष के बाद पहुंचे पानी के टैंकर से बर्तन भरते ग्रामीण।
राजसमंद जिले के चारभुजा क्षेत्र स्थित भोपजी के बागल गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के बीच ग्रामीणों का संघर्ष आखिरकार रंग लाया। गांव के बाड़पंच बक्तावर गुर्जर की लगातार एक साल से जारी अनोखी मुहिम और नंगे पैर आंदोलन के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिला कलेक्टर के निर्देश पर गांव में पानी का टैंकर पहुंचाया गया।
ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत दिलाने की मांग को लेकर बक्तावर गुर्जर पिछले एक वर्ष से चप्पलों का त्याग कर नंगे पैर रह रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक गांव में स्थायी रूप से पानी की पाइपलाइन नहीं लग जाती, तब तक वह दोबारा चप्पल नहीं पहनेंगे। भीषण गर्मी के बीच भी बक्तावर गुर्जर लगातार ग्रामीणों की आवाज बनकर प्रशासन तक समस्या पहुंचाते रहे।
हाल ही में बक्तावर गुर्जर ने राजसमंद जिला कलेक्टर से मुलाकात कर भोपजी के बागल गांव की गंभीर जल समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों को पानी भरने के लिए दो से तीन किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता है। महिलाओं और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए कि जब तक गांव में पानी की पाइपलाइन नहीं लगती, तब तक टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर के आदेश के बाद आज गांव में पानी का टैंकर पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने राहत के साथ पानी भरा। लंबे समय बाद गांव में पानी पहुंचने से ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। महिलाओं और ग्रामीणों ने टैंकर से पानी भरते हुए बाड़पंच बक्तावर गुर्जर का आभार व्यक्त किया और उनके संघर्ष की सराहना की।
वहीं बक्तावर गुर्जर ने जिला कलेक्टर का धन्यवाद जताते हुए कहा कि जिस दिन गांव में स्थायी रूप से पानी की पाइपलाइन लग जाएगी, उसी दिन वह दोबारा चप्पल पहनेंगे। भोपजी के बागल गांव की पानी की समस्या को लेकर उनका यह अनोखा त्याग और संघर्ष अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
