मिराज क्रिकेट स्टेडियम के बाहर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से महिला श्रमिक की मौत
राजसमंद-नाथद्वारा नेशनल हाईवे के राबचा में मिराज क्रिकेट स्टेडियम के बाहर ट्रक ने मेंटेनेंस वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में महिला श्रमिक की मौत और तीन लोग घायल हुए, जबकि चालक को एक घंटे बाद निकाला गया।

तस्वीर में नाथद्वारा हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसके आसपास खड़े लोग नजर आ रहे हैं।
राजसमंद-नाथद्वारा नेशनल हाईवे स्थित राबचा में मिराज क्रिकेट स्टेडियम के मुख्य द्वार के बाहर मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। नाथद्वारा से उदयपुर की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने हाईवे पर खड़े मेंटेनेंस वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर सफाई कार्य कर रही एक महिला श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे मेंटेनेंस वाहन सड़क किनारे खड़ा था और श्रमिक सफाई कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे मेंटेनेंस वाहन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि सामने सफाई कर रही महिला श्रमिक ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक सहित तीन लोग घायल बताए गए हैं।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। ट्रक चालक सुमेर सिंह के अनुसार वह अजमेर से माल लेकर उदयपुर जा रहा था, तभी हादसा हो गया।
सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नाथद्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतका के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में एक महिला श्रमिक की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद हाईवे पर हुए इस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
