घटना का विवरण और मुख्य आरोपी

राजसमंद जिले में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के अपहरण, बंधक बनाए जाने और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने प्रवीण पुरोहित (35) एवं उसके साथी तेजु बागोरा पर जबरन कार में डालकर अगवा करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार वह राजसमंद के एक सरकारी विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा है।

अपहरण और बंधक बनाने का घटनाक्रम

  • 28 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे जब वह स्कूल जा रही थी, तभी स्कूल के बाहर सड़क पर कार रोककर आरोपियों ने जबरदस्ती उसे वाहन में डाल लिया और कांकरोली ले गए।
  • आरोप है कि कांकरोली में तेजु बागोरा की फोटो स्टूडियो की दुकान में उसे दो दिन तक बंद रखा गया।
  • इसके बाद नाथद्वारा की एक होटल में चार दिन तक बंधक बनाकर रखा गया, जहां आरोपी प्रवीण ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।

धमकी और मुंबई ले जाने का आरोप

"पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके फोटो व वीडियो बना लिए और जान से मारने की धमकी दी। शादी के लिए दबाव बनाया गया तथा मना करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने और माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं।" डर के कारण आरोपी उसे उदयपुर और फिर मुंबई ले गया।

रेस्क्यू और पूर्व की घटना

मुंबई से वापस लौटते समय खेरवाड़ा टोल प्लाजा से पहले पीड़िता ने बस की खिड़की से अपने बड़े पिताजी को देखा और चिल्लाकर सहायता मांगी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित कांकरोली लेकर आए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से करीब 15-20 दिन पहले आरोपी उसे उदयपुर ले गया था, जहां कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करवा कर शादी होने का झांसा दिया गया।

पीड़िता की मांग और दूसरे पक्ष का दावा

पीड़िता का कहना है कि आरोपी और उसके साथी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा अब भी उसे और उसके परिवार को धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता अपने माता-पिता के साथ रहना चाहती है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से खेरवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए स्वयं को पीड़िता का पति बताया गया है और दोनों के बीच सहमति से कोर्ट मैरिज होने का दावा किया गया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सुरक्षा व न्याय की गुहार मांगी है वहीं पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story