साकेत साहित्य संस्थान ने अधिकारियों को सौंपी ‘मेरा गाँव मेरा गौरव’ पुस्तक
राजसमंद में साकेत साहित्य संस्थान ने रजत जयंती पर प्रकाशित पुस्तक जिला प्रशासन को भेंट कर 25 वर्षों की साहित्यिक यात्रा की जानकारी दी।

आमेट। साकेत साहित्य संस्थान, राजसमंद ने अपनी रजत जयंती के अवसर पर प्रकाशित पुस्तक ‘मेरा गाँव मेरा गौरव’ की प्रति जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को ससम्मान भेंट की। इस दौरान संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर संस्थान की 25 वर्षीय साहित्यिक यात्रा और पुस्तक के उद्देश्य की जानकारी दी।
संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वा तथा राजसमंद की उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट श्रीमती ओम प्रभा (आरएएस) से उनके कार्यालय में मुलाकात की। संस्थान की अध्यक्ष वीणा वैष्णव ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को पुस्तक भेंट कर संस्थान की 25 वर्षों की साहित्यिक यात्रा और प्रकाशन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्थान को शुभकामनाएं दीं।
संस्थान के महासचिव कमल अग्रवाल ने बताया कि ‘मेरा गाँव मेरा गौरव’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि अपनी माटी, गांवों की स्मृतियों, लोकजीवन, लोक संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े गौरव को शब्दों में संजोने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गांव केवल भौगोलिक इकाई नहीं हैं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कारों की प्रथम पाठशाला हैं।
संस्थान के उपाध्यक्ष नारायण सिंह राव ने कहा कि साहित्य और प्रशासन का यह आत्मीय मिलन सकारात्मक संवाद का उदाहरण है। साहित्य समाज की संवेदनाओं को स्वर देता है, जबकि प्रशासन उन संवेदनाओं को जन-जीवन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष वीणा वैष्णव, उपाध्यक्ष नारायण सिंह राव, महासचिव कमल अग्रवाल, पुस्तक के संपादक डॉ. संपत लाल रेगर एवं सह संपादक श्री माधव लाल जटिया उपस्थित रहे। पुस्तक के माध्यम से गांवों की स्मृतियों, लोक संस्कृति और सामाजिक-सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े गौरव को साहित्यिक रूप में संजोने की संस्थान की पहल सामने आई।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
