राजसमंद: रूपम ज्वैलर्स लूटकांड में वांछित आरोपी सौरभ तिवारी गिरफ्तार
कांकरोली पुलिस ने बिहार से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर आरोपी को गिरफ्तार किया, 2023 की वारदात में सुबोध गैंग की भूमिका आई सामने।

राजसमंद के बहुचर्चित रूपम ज्वैलर्स लूटकांड में कांकरोली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब पौने तीन साल पूर्व घटित हुई डेढ़ करोड़ रुपए की इस सनसनीखेज लूट के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी सौरभ तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार की जेल से प्रोडक्शन वारंट के तहत राजसमंद लाया गया है। कांकरोली थानाधिकारी सरोज बैरवा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सौरभ तिवारी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस द्वारा आरोपी से घटनास्थल की मौका तस्दीक भी करवाई गई है। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सुबोध गैंग के सरगना सुबोध सिंह की निशानदेही पर ही सौरभ तिवारी की गिरफ्तारी संभव हो सकी है। पुलिस अब मामले की कड़ियों को आपस में जोड़ने और लूटे गए माल की बरामदगी सुनिश्चित करने हेतु सघन प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 23 अगस्त 2023 की सुबह कांकरोली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड स्थित पालीवाल मार्केट में रूपम ज्वैलर्स पर यह दुस्साहसिक वारदात हुई थी। सुबह 10:27 बजे चार बदमाश पिस्टल के बल पर शोरूम में दाखिल हुए। बदमाशों ने व्यापारी और उनके रिश्तेदार को बंधक बनाकर करीब 18 लाख रुपए नकद, डेढ़ किलो सोना और 2 किलो चांदी सहित कुल डेढ़ करोड़ रुपए के कीमती जेवरात व नकदी लूट ली थी। लूट की इस पूरी वारदात को बदमाशों ने महज 23 मिनट के भीतर अंजाम दिया, जिसमें तीन बदमाश शोरूम के अंदर घुसे थे, जबकि एक साथी बाहर बाइक पर तैनात रहकर निगरानी कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस गिरफ्तारी से मामले की परतें खुलने और शेष आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीदें प्रबल हो गई हैं।

