राजसमंद पुलिस की बड़ी सफलता: रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूटकांड का मास्टरमाइंड सन्नी सिंह गिरफ्तार, 30 लाख रुपये का माल बरामद
राजसमंद के बहुचर्चित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार तक पहुंची जांच टीम ने मास्टरमाइंड सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर 30 लाख रुपये का माल बरामद किया। आखिर कैसे खुली इस सनसनीखेज वारदात की परतें?

राजसमंद पुलिस ने रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूटकांड के मास्टरमाइंड सुरज उर्फ सन्नी सिंह सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद माल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किया।
लगभग तीन वर्ष पहले राजसमंद जिले के कांकरोली में दिनदहाड़े हुई चर्चित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूट की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। लंबे समय तक विभिन्न राज्यों में फरार रहे आरोपियों का पीछा करते हुए राजसमंद पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड सुरज उर्फ सन्नी सिंह सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 30 लाख रुपये का लूटा हुआ माल भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त 2023 को सुबह करीब 10:30 बजे कांकरोली स्थित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स पर चार बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। आरोपियों ने हथियारों के बल पर दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देते हुए करीब डेढ़ किलो सोना, डेढ़ किलो चांदी तथा 18 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कांकरोली थाने में मामला दर्ज कर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और लगातार की गई जांच के आधार पर कई राज्यों में अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस टीम करीब 1600 से 1700 किलोमीटर दूर बिहार के वैशाली जिले सहित विभिन्न स्थानों तक पहुंची और लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश जारी रखी।
गहन अनुसंधान के बाद पुलिस ने कृतिक कुमार उर्फ किट्टू, मनीष कुमार उर्फ राहुल, सुबोध सिंह, सौरभ कुमार तिवारी, आशीष गुप्ता उर्फ कृष्णा, सुरज कुमार सिंह उर्फ सन्नी सिंह तथा आनन्दराज उर्फ टुकटुक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। अलग-अलग राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियों और भाषा संबंधी चुनौतियों के बावजूद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे और अंततः पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।
इस कार्रवाई में साइबर सेल, कांकरोली थाना, नाथद्वारा थाना तथा जिला विशेष शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी भी गहन अनुसंधान जारी है तथा अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
राजसमंद पुलिस की यह कार्रवाई जिले की प्रमुख आपराधिक घटनाओं में से एक माने जाने वाले रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूटकांड के खुलासे के रूप में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लंबे समय तक फरार रहे आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में लूटे गए माल की बरामदगी पुलिस की सतत एवं तकनीकी जांच का परिणाम है।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
