राजसमंद रेल परियोजना: सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने उठाई नई रेल लाइन की मांग
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कुंवारिया-भीलवाड़ा और देवगढ़ मदारिया-हरिपुर नई रेल लाइनों के प्रस्ताव पर रेलवे अधिकारियों के साथ चर्चा की।

राजसमंद। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की हालिया बैठक में राजसमंद सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने अपने संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास हेतु दो प्रमुख रेल परियोजनाओं के प्रस्तावों को पुरजोर तरीके से प्रस्तुत किया। विकास की इस रूपरेखा में उन्होंने राजसमंद को औद्योगिक रूप से भीलवाड़ा और सांस्कृतिक व भौगोलिक दृष्टि से मारवाड़ क्षेत्र से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ जी, उप महाप्रबंधक शशांक जी, विभिन्न विधायकगण, समिति के सदस्य एवं संबंधित रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कुंवारिया-भीलवाड़ा वाया गंगापुर नई रेल लाइन की मांग को प्रमुखता से रखते हुए स्पष्ट किया कि यह परियोजना राजसमंद को सीधे भीलवाड़ा से जोड़कर व्यापार, उद्योग और पर्यटन की संभावनाओं को नई दिशा देगी। उन्होंने रेखांकित किया कि इस रेल लाइन के निर्माण से मेवाड़ क्षेत्र का अन्य राज्यों के साथ संपर्क अधिक सशक्त होगा, जिससे यात्रियों के समय और यात्रा दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी।
कनेक्टिविटी के दूसरे महत्वपूर्ण आयाम के रूप में सांसद ने देवगढ़ मदारिया से हरिपुर (बर) तक की नई रेल लाइन परियोजना को मजबूती से उठाया। सांसद ने इस परियोजना को मेवाड़ को सीधे मारवाड़ से जोड़ने वाला 'विकास का नया सेतु' करार दिया। उन्होंने कहा कि इस रेल संपर्क से देवगढ़, नाथद्वारा और राजसमंद सहित संपूर्ण क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई गति प्राप्त होगी। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि ये दोनों परियोजनाएं राजसमंद और मेवाड़ के भविष्य के लिए आधारशिला सिद्ध होंगी। उन्होंने अवगत कराया कि वे इन परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति और धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर रेल मंत्रालय और संबंधित उच्च अधिकारियों के साथ समन्वय एवं फॉलोअप कर रही हैं।

